Category: SARANGARH – BILAIGARH

  • जिले की कॉलेज में सजी रंगोलियां, विद्यार्थियों ने रंगों से दिया विकसित भारत का संदेश

    जिले की कॉलेज में सजी रंगोलियां, विद्यार्थियों ने रंगों से दिया विकसित भारत का संदेश

    ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ की थीम पर रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सहभागिता से बढ़ा जनभागीदारी का रंग

    सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के दिशा-निर्देशानुसार संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ भाव को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सारंगढ़ में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से राष्ट्रीय भावना, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को रेखांकित करते हुए आकर्षक रंगोलियां सजाईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों की सहभागिता रही।
    सेवा संकल्प अभियान के तहत उच्च शिक्षा विभाग को नोडल विभाग के रूप में आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय से ‘रंगोली राष्ट्र’ गतिविधि आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के साथ अभियान में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। इसी कड़ी में महाविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की भावना को अभिव्यक्त किया।
    कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री ज्योति पटेल, जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार जायसवाल, प्रतिष्ठित नागरिक श्री अरविंद हरिप्रिया सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए।
    प्रतियोगिता में संगीता निषाद एवं समूह ने प्रथम, गौरी जायसवाल एवं समूह ने द्वितीय तथा पुष्पांजलि चंद्रा एवं समूह और यशोदा यादव ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक के रूप में श्री डी.पी.एस. पैकरा, सुश्री प्रिया पाटले एवं श्रीमती हेमलता सिदार ने अपनी भूमिका निभाई।
    महाविद्यालय के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. एल.एस. पटेल तथा सहायक नोडल अधिकारी श्री एस.सी. नेताम के दिशा-निर्देशन में विकासखंड नोडल एवं कार्यक्रम अधिकारी श्री यू.आर. पटेल तथा सहायक नोडल श्री मुकेश पटेल एवं श्री महेश्वर दास वैष्णव के सफल संचालन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
    सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और जनकल्याण के संदेश को केवल प्रशासनिक गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों और समाज की रचनात्मक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। महाविद्यालय परिसर में रंगों से सजी ये रंगोलियां इसी जनभागीदारी की जीवंत अभिव्यक्ति बनीं, जहां विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से ‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ के भाव को साकार किया।

  • सेवा संकल्प अभियान के तहत कहरापारा कोसीर में आंगन मिलन समारोह आयोजित

    सेवा संकल्प अभियान के तहत कहरापारा कोसीर में आंगन मिलन समारोह आयोजित

    पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता को दिया गया बढ़ावा

    सारंगढ़–बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आईसीडीएस कोसीर के आंगनबाड़ी केंद्र कहरापारा कोसीर में सेक्टर स्तरीय आंगन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों, वक्ताओं एवं पर्यवेक्षक द्वारा पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए आंगन मिलन समारोह के उद्देश्य तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित गतिविधियों के बारे में ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को जागरूक किया गया।
    समारोह में महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा बाल संदर्भ योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। हितग्राहियों ने बताया कि शासकीय योजनाओं से मिली सहायता से उन्हें परिवार के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहयोग मिला है। इस दौरान योजनाओं की जानकारी अन्य ग्रामीणों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
    कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही पोषण के प्रति जागरूक हितग्राहियों तथा आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों में आवश्यक सहयोग प्रदान करने वाली ग्रामीण महिलाओं को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
    कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिले में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासकीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। आंगन मिलन समारोह इसी क्रम में समुदाय और आंगनबाड़ी केंद्र के बीच सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में आयोजित किया गया।

  • नमामि भारतम कार्यक्रम : लेन्धरा में एक स्वर, एक लय और एक समय में गूंजा वंदे मातरम्

    नमामि भारतम कार्यक्रम : लेन्धरा में एक स्वर, एक लय और एक समय में गूंजा वंदे मातरम्

    खबर दस्तक। सारंगढ़ -बिलाईगढ़
    वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विद्या भारती द्वारा 25 सितंबर को देशभर में एक साथ, एक स्वर, एक लय और एक समय पर वंदे मातरम् के सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सरस्वती शिशु मंदिर लेन्धरा में भी सुबह 11 बजे विद्यालय के भैया-बहनों, अतिथियों और विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। कार्यक्रम को नमामि भारतम कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया। सामूहिक गायन की जीपीएस कैमरे से फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई।


    कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि खूबचंद बघेल पुरस्कार से सम्मानित किसान मुकेश चौधरी ने भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर की। उन्होंने वंदे मातरम् के इतिहास और इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यालय समिति के अध्यक्ष भूतनाथ पटेल ने अध्यक्षीय आशीर्वचन दिया।
    कार्यक्रम में विद्यालय समिति के अध्यक्ष रामकुमार पटेल, कोषाध्यक्ष नरेश पटेल, जिला पंचायत सदस्य सहोद्रा सिदार, मातृ शक्ति मंडल अध्यक्ष ललिता पटेल और दयाराम चौधरी उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत लेन्धरा के सरपंच लखपति भोय एवं पंचायत सचिव अश्वनी कुमार साव भी कार्यक्रम के साक्षी बने।
    कार्यक्रम के सफल संचालन में आचार्य चूड़ामणि मालाकार, नरेश डनसेना, मृत्युंजय दास, लिंगराज नायक, बोधराम पटेल, आर्यन पटेल एवं दीपक चौहान तथा दीदियों में लक्ष्मी यादव, बबली पाणिग्राही, योगेश्वरी डनसेना, अंजली भोय, लक्ष्मीन यादव, ऋतु मालाकार एवं प्रीति मालाकार का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राचार्य संजय साहू ने किया।

  • जहां इतिहास को मिटाया नहीं, सहेजा गया : गुलामी के दौर की निशानी आज भी सुरक्षित

    जहां इतिहास को मिटाया नहीं, सहेजा गया : गुलामी के दौर की निशानी आज भी सुरक्षित

    संदीप शर्मा। सारंगढ़-बिलाईगढ़

    सारंगढ़ के सेमरापाली गांव में 248 साल से सुरक्षित है ब्रिटिश अफसर अलेकजेंडर इलियट का स्मारक, स्थानीय लोगों ने पीढ़ियों से संभालकर रखी ऐतिहासिक धरोहर..

    जिस देश ने करीब दो सौ वर्षों तक अंग्रेजी शासन का दौर देखा, उसी दौर के एक ब्रिटिश अफसर की कब्र आज भी छत्तीसगढ़ की धरती पर पूरी गरिमा के साथ सुरक्षित है। सारंगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 12 किमी दूर गोमर्डा अभ्यारण्य की सीमा से लगे सेमरापाली गांव में 18वीं सदी का यह स्मारक आज भी उस दौर की कहानी कह रहा है। करीब 248 साल पहले यात्रा के दौरान जान गंवाने वाले ब्रिटिश अफसर अलेकजेंडर इलियट को यहीं दफन किया गया था। तब यह इलाका दुर्गम और कम आबादी वाला था, लेकिन समय के साथ यहां गांव बस गया। शासन बदला, पीढ़ियां बदलीं, आसपास का इलाका बदला, लेकिन इलियट की कब्र आज भी सुरक्षित है।
    सेमरा गांव में मौजूद यह स्मारक अपने आप में इतिहास का एक पन्ना समेटे हुए है। गांव की रोजमर्रा की जिंदगी के बीच खड़ा यह पुराना निर्माण उस समय की याद दिलाता है, जब कोलकाता से नागपुर तक की यात्रा आज की तरह आसान नहीं थी। न पक्की सड़कें थीं, न आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और न ही आवागमन के साधन। इसी यात्रा के दौरान 12 सितंबर 1778 को 23 वर्षीय अलेकजेंडर इलियट की सेमरा क्षेत्र में मृत्यु हो गई थी।

    23 साल की उम्र में थम गई जीवन यात्रा

    अलेकजेंडर इलियट उस समय बंगाल के गवर्नर जनरल वॉरेन हेस्टिंग्स के दूत के रूप में कोलकाता से नागपुर की यात्रा पर निकले थे। यात्रा के दौरान सेमरा क्षेत्र में उनकी तबीयत बिगड़ी। तेज बुखार के बाद 12 सितंबर 1778 को उनकी मृत्यु हो गई। उस समय उनकी उम्र करीब 23 वर्ष थी।
    साथ मौजूद ब्रिटिश सैनिकों और रियासत की सेना की टुकड़ी ने अंग्रेजी रीति-रिवाज के अनुसार उन्हें यहीं दफन किया। बाद में तत्कालीन बंगाल सरकार के आदेश पर उनकी स्मृति में स्मारक और शिलालेख बनवाया गया।

    248 साल बाद भी मजबूत है पुराना निर्माण

    दानसरा के सेवानिवृत्त शिक्षक कैलाश चंद्र शर्मा बताते हैं कि उन्होंने बुजुर्गों से इस स्मारक के बारे में कई बातें सुनी हैं। उनके अनुसार पहले स्मारक का स्वरूप छोटा था और चारों ओर सीमित बाउंड्री थी। समय के साथ इसके स्वरूप में बदलाव आया, लेकिन पुराने निर्माण की मजबूती लंबे समय तक बनी रही।
    श्री शर्मा बताते हैं कि बुजुर्गों से सुनने को मिला था कि उस समय गुड़ और चूने के मिश्रण से जोड़ाई की जाती थी। पुराने निर्माण में इस्तेमाल इसी पारंपरिक तकनीक को इसकी मजबूती का एक कारण माना जाता है।

    मुकुटधर पांडेय से मिली थी स्मारक की जानकारी

    कैलाश चंद्र शर्मा बताते हैं कि छात्र जीवन में रायगढ़ में उनकी मुलाकात पद्मश्री स्वर्गीय मुकुटधर पांडेय से हुई थी। बातचीत के दौरान पांडेय जी ने दानसरा क्षेत्र के पास एक अंग्रेज अधिकारी की समाधि होने की जानकारी दी थी। इसके बाद से वे इस स्मारक के इतिहास में रुचि लेते रहे।

    अंग्रेज अफसर की कब्र, लेकिन ग्रामीणों ने नहीं पहुंचाया नुकसान

    ग्रामीणों के अनुसार यह बात सभी जानते हैं कि स्मारक एक ब्रिटिश अफसर की कब्र है। इसके बावजूद कभी किसी ने इसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश नहीं की। समय-समय पर लोग यहां पहुंचते हैं और कुछ लोग श्रद्धास्वरूप फूल भी चढ़ाते हैं।
    करीब ढाई सौ साल से सुरक्षित यह स्मारक अब केवल एक कब्र नहीं, बल्कि सेमरा गांव और आसपास के क्षेत्र के इतिहास की महत्वपूर्ण निशानी बन चुका है। गांव के बीच सुरक्षित यह स्मारक बीते समय और वर्तमान के बीच एक कड़ी की तरह दिखाई देता है।

    संरक्षण के साथ इतिहास की जानकारी भी जरूरी

    इतने पुराने स्मारक के बावजूद इसके इतिहास के बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां स्मारक से संबंधित जानकारी वाला बोर्ड लगाया जाए और समय-समय पर इसकी देखरेख की जाए, तो नई पीढ़ी इस इतिहास से परिचित हो सकेगी।