संदीप शर्मा। दानसरा
सारंगढ़ जिला मुख्यालय से 13 किमी दूर ग्राम खरवानी छोटे के 37 वर्ष के हीरालाल पटेल ने कभी नौकरी पाने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रेजुएशन के बाद डीएड और पीजीडीसीए जैसी उच्च शिक्षा हासिल करने के बावजूद उन्हें नौकरी नहीं मिल सकी। परिवार की खेती में धान की फसल से भी इतनी आमदनी नहीं हो रही थी कि भविष्य के सपनों को पूरा किया जा सके। ऐसे में उन्होंने नौकरी की तलाश छोड़कर खुद का व्यवसाय खड़ा करने की ठानी। इसके लिए अपनी जमीन पर निर्भर रहने के बजाय किराये की जमीन पर आधुनिक तरीके से सब्जियों की खेती करने का जोखिम उठाया। वर्ष 2021 में 2 एकड़ किराये की जमीन से मिर्ची और बैंगन की खेती शुरू की। मेहनत रंग लाई तो धीरे-धीरे खेती का दायरा बढ़ाते गए। आज वे 19 एकड़ किराये की जमीन पर मिर्ची और बैंगन का उत्पादन कर रहे हैं। इनमें 5 एकड़ में मिर्ची और 14 एकड़ में बैंगन की फसल है। जुलाई से अब तक करीब 43 लाख रुपए की उपज बेच चुके हैं। इस साल 1 करोड़ 20 लाख रुपए के कारोबार और करीब 38 लाख रुपए मुनाफे की उम्मीद है। नौकरी की तलाश में शुरू हुआ संघर्ष अब बड़े कृषि व्यवसाय में बदल गया है और इससे परिवार की आर्थिक स्थिति भी संवर रही है।
ड्रिप और मल्चिंग से बढ़ाया उत्पादन का समय, 8 महीने तक बनी रहती है आमदनी
हीरालाल खेती में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं। खेतों में ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग पद्धति अपनाई है। उनके अनुसार, इन तकनीकों से फसल को जरूरत के मुताबिक पानी मिलता है और खरपतवार पर भी नियंत्रण रहता है। सामान्य खेती की तुलना में इससे उत्पादन का समय करीब तीन महीने तक बढ़ जाता है। वे बताते हैं कि धान की खेती में फसल तैयार होने के बाद एक बार ही आमदनी होती है, जबकि मिर्ची और बैंगन की खेती में लगातार करीब 8 महीने तक उपज की तुड़ाई और बिक्री से आमदनी बनी रहती है। इससे पूरे सीजन में पैसों का प्रवाह बना रहता है और खेती से होने वाली कमाई का बेहतर उपयोग कर पाते हैं।
छत्तीसगढ़ के अलावा चार राज्यों के बाजारों तक पहुंच रही उपज
खेत में तैयार मिर्ची और बैंगन की मांग छत्तीसगढ़ के साथ दूसरे राज्यों में भी है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता, कांथी, मेदिनीपुर और एगरा, ओडिशा के बालासोर, पुरी, कटक, भुवनेश्वर और राउरकेला, झारखंड के रांची, धनबाद और बोकारो तथा आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा एवं प्रदेशों के अन्य शहरों तक उपज जा रही है। व्यापारी सीधे खेत पर पहुंचकर फसल खरीदते हैं। इससे उपज बेचने के लिए अलग से बाजार जाने की जरूरत नहीं पड़ती।
खेती की कमाई से खरीदी जमीन, बेटे को सैनिक स्कूल में पढ़ाने का सपना हो रहा साकार
सब्जियों की खेती से हुई आमदनी का असर हीरालाल के परिवार की जिंदगी में भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने खेती की कमाई से 1 एकड़ 26 डिसमिल जमीन खरीदी। पुराने ट्रैक्टर को बेचकर आधुनिक उपकरणों से युक्त बड़ा ट्रैक्टर लिया। खेती के लिए जरूरी अन्य उपकरण भी जुटाए। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर हुई और घर में सुविधाएं बढ़ीं। वे अपने बेटे को सैनिक स्कूल में पढ़ा रहे हैं, जिसकी सालाना फीस करीब 2 लाख रुपए है। खेती से हो रही कमाई के सहारे बेटे को बेहतर शिक्षा देने का उनका सपना भी साकार हो रहा है।
50 से 55 लोगों को मिल रहा रोजगार
19 एकड़ में फैली खेती की देखभाल के लिए रोजाना 50 से 55 मजदूर काम करते हैं। इनमें सिंचाई, फसल की देखभाल और तुड़ाई जैसे काम शामिल हैं। इस तरह हीरालाल की खेती केवल उनके परिवार की आमदनी का जरिया नहीं बनी, बल्कि आसपास के लोगों को भी रोजगार दे रही है। नौकरी नहीं मिलने से शुरू हुआ उनका संघर्ष अब किराये की जमीन पर खड़े किए गए कृषि व्यवसाय के रूप में आगे बढ़ रहा है।
About The Author

