10वीं, 12वीं और आईटीआई पास युवाओं को मिलेगा मौका, 12,200 से 25 हजार रुपए तक मिलेगा मासिक वेतन
खबर दस्तक।सारंगढ़
निजी क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रहे जिले के युवाओं के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से 27 नवंबर को नगर पंचायत सरसींवा में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे से शुरू होने वाले इस मेले में विभिन्न कंपनियां कुल 271 पदों पर भर्ती करेंगी। पदों के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को 12,200 से 25,000 रुपए तक मासिक वेतन मिलेगा।रोजगार मेले में चार कंपनियां भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगी। इनमें स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती करेगी। इसके लिए 10वीं और 12वीं पास युवा आवेदन कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 12,200 रुपए मासिक वेतन मिलेगा।जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में टेक्नीशियन के 30 पदों के लिए भर्ती होगी। इसमें 10वीं, 12वीं और आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। वेतन 15,240 से 18,000 रुपए निर्धारित है। वहीं चैतन्य इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के 30 पदों पर 10वीं और 12वीं पास युवाओं को मौका मिलेगा। इन पदों का मासिक वेतन 12,200 रुपए होगा।
टीपीएल सर्विसेज में 180 पदों पर भर्ती
टीपीएल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सबसे अधिक 180 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें टेक्नीशियन के 5, आईटीआई फिटर के 50, गैस कटर के 18, ग्राइंडर ऑपरेटर के 20, वेल्डर के 17, टर्नर के 5, केन ऑपरेटर के 10, मशीन ऑपरेटर के 15 और हेल्पर के 50 पद शामिल हैं। इन पदों पर चयनित युवाओं को योग्यता और पद के अनुसार 14,000 से 25,000 रुपए तक मासिक वेतन मिलेगा। इनका कार्यस्थल जेएसपीएल निर्धारित किया गया है।
ये दस्तावेज लेकर पहुंचें युवा
इच्छुक अभ्यर्थियों को 27 नवंबर को सुबह 10:30 बजे नगर पंचायत सरसींवा स्थित रोजगार मेला स्थल पर उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थी अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, तकनीकी योग्यता संबंधी दस्तावेज और अन्य जरूरी जानकारी साथ लेकर आएं। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी ई-रोजगार पोर्टल या जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र से प्राप्त की जा सकती है।
About The Author

