14 घंटे की तलाश के बाद पेड़ के नीचे गहरे पानी में मिला शव, ग्रामीण तैराकों ने बाहर निकाला
खबर दस्तक।सारंगढ़
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के गोमर्डा अभयारण्य क्षेत्र में मौहाढोड़ा नाम की जगह के पास स्थित लात नाला में पिकनिक मनाने गए 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मंगलवार को दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे युवक के लापता होने के बाद ग्रामीणों ने करीब 14 घंटे तक तलाश अभियान चलाया। बुधवार सुबह उसका शव नाले में एक पेड़ के नीचे गहरे पानी में मिला। स्थानीय ग्रामीण तैराकों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। इस घटना से मृतक के परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।
पिकनिक के दौरान अचानक हुआ लापता
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी कनकबीरा क्षेत्र के ग्राम नरेश नगर के कुछ युवक मंगलवार सुबह पिकनिक मनाने लात नाला पहुंचे थे। वहां कुछ युवक नहाने में व्यस्त थे, जबकि तीन-चार साथी खाना बनाने में लगे हुए थे। इसी दौरान राकेश सिदार पिता बृजलाल सिदार (22 वर्ष) नाले में नहाने चला गया।बताया जा रहा है कि खाना बना रहे दोस्तों ने राकेश को नाले के किनारे स्थित जामुन के पेड़ पर चढ़ते हुए देखा था। हालांकि, वह कब पानी में कूदा, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। कुछ देर बाद जब सभी दोस्त खाना खाने के लिए एकत्रित हुए तो राकेश वहां मौजूद नहीं था। इसके बाद साथियों ने आसपास आवाज लगाकर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
मिर्गी की बीमारी से पीड़ित होने की भी जानकारी
परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, राकेश मिर्गी की बीमारी से भी पीड़ित था। दोस्तों ने काफी देर तक आसपास खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर गांव लौटकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
14 घंटे तक चला तलाश अभियान
युवक के लापता होने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने टीम बनाकर मंगलवार से ही लात नाला और आसपास के क्षेत्र में तलाश अभियान शुरू कर दिया। देर रात तक खोजबीन जारी रही, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच घटना की सूचना पुलिस चौकी कनकबीरा को भी दी गई।बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान नाले में एक पेड़ के नीचे गहरे पानी में राकेश का शव दिखाई दिया। स्थानीय ग्रामीण तैराकों ने काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ भेज दिया है। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, नरेश नगर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
About The Author

