व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल से की शिकायत, टीआई ने दो दिन में कार्रवाई का दिया भरोसा
अम्बिकापुर
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 50 लाख रुपए की कथित चोरी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारियों में नाराजगी है। सोमवार को व्यापारियों ने मंत्री राजेश अग्रवाल से मुलाकात कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। शिकायत सुनने के बाद मंत्री ने कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह को फोन लगाया और मामले में हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी।इस दौरान मंत्री ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “अगर आप चोरी के आरोपियों को नहीं पकड़ पा रहे हैं तो मुझे छुड़ाने के लिए पुलिस भेजिए। व्यापारियों ने मुझे बंधक बना लिया है।” मंत्री की इस टिप्पणी पर वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित हुआ। उन्होंने थाना प्रभारी को दो दिन के भीतर मामले में कार्रवाई करने और इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए।व्यापारियों ने मंत्री को बताया कि चोरी के मामले में अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी को खर्चा-पानी के लिए पैसे भी दिए गए, इसके बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। व्यापारियों की शिकायत पर मंत्री ने पुलिस अधिकारी से जवाब मांगा।
अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में 50 लाख के हेरफेर की शिकायत
मामला अंबिकापुर के खरसिया नाका स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा है। कंपनी संचालक ने करीब एक महीने पहले कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में फर्जी बिल के जरिए करीब 50 लाख रुपए के हेरफेर और चोरी का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज किया था, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से व्यापारी नाराज हैं।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि मामले में उचित कार्रवाई कराई जाएगी। थाना प्रभारी ने कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा है।
About The Author

