खबर दस्तक सारंगढ़।
जिला पंचायत सीईओ ने ली निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक; पीएम आवास के हितग्राहियों से सीधे संपर्क कर निर्माण पूरा कराने के निर्देश
जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी अमले को अगले 15 दिनों के भीतर सभी योजनाओं और मदों के निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए। इसके लिए अधिकारी नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करें और निर्माण कार्यों की प्रगति पर नजर रखें।
तकनीकी सहायक हर हितग्राही से करेंगे संपर्क
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान सीईओ ने तकनीकी सहायकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे केवल ऑनलाइन या कागजी प्रगति तक सीमित न रहें। प्रत्येक आवास हितग्राही से व्यक्तिगत संपर्क करें और निर्माण की वास्तविक स्थिति की जानकारी लें। जिन हितग्राहियों के आवास अधूरे हैं, उनसे काम में आ रही परेशानी की जानकारी लेकर उसका समाधान कराएं। निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण कर हितग्राहियों को जल्द आवास पूरा करने के लिए प्रेरित करें।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, नियमित होगी मॉनिटरिंग
सीईओ तिवारी ने कहा कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे होने चाहिए। कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और मैदानी अमले के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाए। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिले के सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी, आवास योजना के प्रभारी अधिकारी, सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, उप अभियंता, विकासखंड आवास समन्वयक और तकनीकी सहायक मौजूद रहे।
About The Author

