मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ा गया हिमांशु शेखर, दुबई में सौरभ चंद्राकर से कई बार मुलाकात की थी; 15 करोड़ रुपए के हवाला लेनदेन की भी जांच
रायपुर।
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली निवासी वकील हिमांशु शेखर को गिरफ्तार किया है। उसे मुंबई एयरपोर्ट पर उस समय पकड़ा गया, जब वह दुबई जाने की तैयारी में था। गिरफ्तारी के बाद उसे रायपुर लाया गया और सोमवार रात विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। करीब ढाई घंटे चली सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 28 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया।ईडी की जांच में सामने आया है कि हिमांशु शेखर पिछले साल कई बार दुबई गया था। वहां उसकी मुलाकात महादेव सट्टा एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से हुई थी। जांच एजेंसी को संदेह है कि वह मामले के निपटारे और न्यायिक अधिकारियों को कथित रिश्वत देने के लिए हवाला के जरिए करीब 15 करोड़ रुपए के लेनदेन में शामिल रहा है। इस रकम के लेनदेन में एजेंटों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी को लेकर अदालत में दी गई चुनौती
हिमांशु को 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर रोका गया था। इसके बाद 21 नवंबर की रात 1:10 बजे उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। अदालत में बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए दलील दी कि उसे हिरासत में लेने का पर्याप्त आधार नहीं था। ईडी की ओर से पेश वकील ने इन दलीलों का विरोध किया। अदालत ने बचाव पक्ष की आपत्तियां खारिज करते हुए आरोपी को रिमांड पर भेज दिया।
शेल कंपनियों और हवाला नेटवर्क की पड़ताल
ईडी अब इस बात की जांच कर रही है कि महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े पैसों को शेल कंपनियों और हवाला चैनलों के जरिए विदेश कैसे भेजा गया। एजेंसी को संदेह है कि हिमांशु शेखर की इस पूरे नेटवर्क में अहम भूमिका रही है। मामले में बड़े कारोबारियों और राजनीतिक लोगों की कथित भूमिका की भी जांच जारी है।
रवि उप्पल को भी रायपुर लाने की तैयारी
महादेव सट्टा मामले में अब तक 22 से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि 116 से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया गया है। जांच एजेंसी की नजर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी है। इस मामले में दुबई में गिरफ्तार दूसरे प्रमोटर रवि उप्पल को भी रायपुर लाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
About The Author

