सेवा संकल्प अभियान के तहत कहरापारा कोसीर में आंगन मिलन समारोह आयोजित

पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता को दिया गया बढ़ावा

सारंगढ़–बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आईसीडीएस कोसीर के आंगनबाड़ी केंद्र कहरापारा कोसीर में सेक्टर स्तरीय आंगन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों, वक्ताओं एवं पर्यवेक्षक द्वारा पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए आंगन मिलन समारोह के उद्देश्य तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित गतिविधियों के बारे में ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को जागरूक किया गया।
समारोह में महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा बाल संदर्भ योजना से लाभान्वित हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए। हितग्राहियों ने बताया कि शासकीय योजनाओं से मिली सहायता से उन्हें परिवार के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहयोग मिला है। इस दौरान योजनाओं की जानकारी अन्य ग्रामीणों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही पोषण के प्रति जागरूक हितग्राहियों तथा आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों में आवश्यक सहयोग प्रदान करने वाली ग्रामीण महिलाओं को भी अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिले में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासकीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। आंगन मिलन समारोह इसी क्रम में समुदाय और आंगनबाड़ी केंद्र के बीच सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में आयोजित किया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *