खबर दस्तक सारंगढ़।
सारंगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत मकानों का निर्माण कर रहे पात्र हितग्राहियों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें आवास निर्माण के लिए निःशुल्क रेत उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए हितग्राहियों को ई-रेत संगवारी मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। राज्य शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने इसकी व्यवस्था की है।
जिले में तीन रेत खदानों से पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार रेत उपलब्ध कराई जाएगी। इनमें सारंगढ़ तहसील के ग्राम बहिदा और जसपुर तथा सरिया तहसील के ग्राम बरगांव की रेत खदान शामिल हैं। इन खदानों की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर भू-प्रवेश की अनुमति दी जा चुकी है। इन खदानों से प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृत मकानों के निर्माण के लिए पात्र हितग्राही निर्धारित प्रक्रिया के तहत रेत प्राप्त कर सकेंगे।
एप से करना होगा ऑनलाइन आवेदन
प्रशासन के अनुसार, ई-रेत संगवारी एप के माध्यम से आवेदन और रेत वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। हितग्राही आवेदन करने और प्रक्रिया की जानकारी लेने के लिए अपने ग्राम पंचायत के आवास मित्र, रोजगार सहायक या ग्राम सचिव से संपर्क कर सकते हैं।
इन नंबरों पर मिलेगी जानकारी
योजना से संबंधित अधिक जानकारी और मार्गदर्शन के लिए जिला पंचायत की प्रभारी जिला समन्वयक संजू पटेल के मोबाइल नंबर 8770567054 तथा प्रभारी प्रोग्रामर एवं सहायक नोडल अधिकारी दिलीप साहू के मोबाइल नंबर 7000032637 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी पात्र हितग्राहियों से ई-रेत संगवारी एप के माध्यम से आवेदन कर इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की है। इससे मकान निर्माण के लिए रेत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आसान होगी और हितग्राहियों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।
About The Author

