भटगांव तहसील में साहू ट्रेडर्स, सलिहा घाट चेकपोस्ट और धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण
खबर दस्तक।सारंगढ़
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध भंडारण और परिवहन पर अंकुश लगाने जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को भटगांव तहसील क्षेत्र में प्रशासनिक टीम ने साहू ट्रेडर्स, अंतरजिला चेकपोस्ट सलिहा घाट और धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। वहीं, सालर में जांच के दौरान 98 कट्टा धान जब्त किया गया।कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर बिलाईगढ़ एसडीएम सुश्री शिक्षा शर्मा के मार्गदर्शन में तहसीलदार भटगांव श्री प्रकाश पटेल ने विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को धान खरीदी एवं निगरानी व्यवस्था में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। चेकपोस्ट पर धान के आवागमन की निगरानी और खरीदी केंद्रों में निर्धारित नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।
जिले में अवैध धान परिवहन रोकने के लिए 21 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इनमें 11 अंतरराज्यीय और 10 अंतरजिला चेकपोस्ट शामिल हैं। वहीं, जिले की 80 समितियों के अंतर्गत 95 धान खरीदी केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों और चेकपोस्ट के माध्यम से धान के आवागमन तथा खरीदी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है।इसी क्रम में सालर में एसडीएम द्वारा धान के अवैध भंडारण की जांच की गई, जहां 98 कट्टा धान जब्त किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने तथा अवैध भंडारण या परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
About The Author

