जसपुर और बड़े गुंतली में खनिज विभाग की कार्रवाई, जिले के तीन रेत घाटों को संचालन की अनुमति; पीएम आवास हितग्राहियों को मिलेगी निःशुल्क रेत परिवहन की सुविधा
खबर दस्तक। सारंगढ़
जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। तहसील सारंगढ़ के ग्राम जसपुर और बड़े गुंतली में औचक निरीक्षण के दौरान ये वाहन बिना वैध अनुमति के रेत का परिवहन करते पाए गए। विभागीय टीम ने तीनों ट्रैक्टरों को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए थाना सारंगढ़ के सुपुर्द कर दिया है।कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और जांच की जा रही है। खनिज विभाग के अनुसार, बिना वैध इलेक्ट्रॉनिक परिवहन अनुज्ञा (ई-टीपी) के रेत या अन्य खनिजों का परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तीन रेत घाटों को संचालन की अनुमति
इधर, जिले में रेत की वैध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खनिज विभाग ने छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के तहत प्रतिलोम नीलामी से सात नए रेत घाटों की निविदा प्रक्रिया पूरी की है। इनमें ग्राम दहिदा और जसपुर (तहसील सारंगढ़) तथा ग्राम बरगांव (तहसील सरिया) के तीन रेत घाटों को संचालन की अनुमति दी गई है। इन घाटों से रेत परिवहन के लिए शासन के खनिज वेब पोर्टल के माध्यम से ई-टीपी जारी की जाएगी।
पीएम आवास हितग्राहियों को रेत परिवहन मुफ्त
प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए रेत की उपलब्धता आसान बनाने शासन ने ‘ई-रेत संगवारी’ मोबाइल ऐप के माध्यम से निःशुल्क रेत परिवहन की सुविधा दी है। हितग्राही ऐप के जरिए प्रमाण पत्र प्राप्त कर इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला पंचायत के सहायक नोडल अधिकारी दिलीप साहू से मोबाइल नंबर 7000032637 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि रेत और अन्य खनिजों का परिवहन वैध ई-टीपी के माध्यम से ही करें। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति और वाहन के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 सहित प्रचलित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
About The Author

