दो चक्रवातों ने बिगाड़ा धान की पैदावार का गणित, 50% तक घट सकती है उपज; कहीं कटाई अटकी तो कहीं बालियों से निकलने लगे नए पौधे
खबर दस्तक।सारंगढ़
महीनों की मेहनत और खेती में लगाई पूंजी को समेटने का वक्त आया तो मौसम ने किसानों के सामने नई मुसीबत खड़ी कर दी। पहले अर्नब चक्रवात के कारण खेतों में गिरी धान की फसल को किसान किसी तरह बचाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अकवान की बारिश ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अब समस्या सिर्फ फसल खराब होने की नहीं, बल्कि खेतों से बची हुई उपज निकालने की भी है। खेतों में नमी और पानी भरने से कटाई प्रभावित हो रही है। कई जगह गिरी फसल की बालियों में धान अंकुरित होने लगा है। ऐसे में किसानों के सामने इस बार धान उत्पादन को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अकवान के प्रभाव से हुई बारिश ने सारंगढ़ क्षेत्र के धान उत्पादक किसानों की उम्मीदों को झटका दिया है। जिन किसानों ने छोटे नस्ल के धान की कटाई शुरू कर दी थी, उन्हें भी अब खेत सूखने का इंतजार करना पड़ रहा है। खेतों में गिरी फसल पानी और कीचड़ के संपर्क में रहने से खराब हो रही है। किसानों का अनुमान है कि इस बार प्रति एकड़ उत्पादन में 50 प्रतिशत तक गिरावट आ सकती है। कुछ खेतों में स्थिति इससे भी खराब बताई जा रही है।
कटाई के बाद ही सामने आएगी नुकसान की पूरी तस्वीर
माधोपाली के किसान रोहित पटेल ने गुरुवार को 1.20 एकड़ खेत में धान की कटाई कराई। इस रकबे से उन्हें केवल 19 क्विंटल उपज मिली। रोहित के मुताबिक अभी पूरी फसल की कटाई नहीं हुई है। अकवान की बारिश से कितना नुकसान हुआ है, इसका सही आकलन पूरी कटाई के बाद ही हो पाएगा। हालांकि इस साल अच्छी पैदावार की उम्मीद अब काफी कम हो गई है।
खेतों में गिरी फसल अब दोबारा उगने लगी
सिंगारपुर के किसान शेखर पटेल के मुताबिक अर्नब चक्रवात के बाद खेतों में गिरी फसल से करीब 50 प्रतिशत उत्पादन मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अकवान की बारिश ने बची हुई फसल को भी प्रभावित कर दिया। बालियों में मौजूद धान के दाने अंकुरित होकर नए पौधे निकालने लगे हैं। तने सड़ रहे हैं। उनका अनुमान है कि अब प्रति एकड़ मुश्किल से 30 प्रतिशत तक उपज मिल पाएगी। आगे बारिश हुई तो मशीन से कटाई कराना भी मुश्किल होगा।
कोठीखोल क्षेत्र में पकी फसल समेटने की चिंता
ओडिशा सीमा से लगे कोठीखोल क्षेत्र के आमापाली, डोंगरीपाली, बिरनीपाली, कोकबहाल, लेंधारजोरी, गिंडोला, कदलिसारार, जीरापाली, जमदालखा, पटेरापाली, सेमरापाली, झाल, पुरैनपाली, सोनबला, घोघरा और बनहर सहित आसपास के गांवों में भी किसानों की चिंता बढ़ गई है। लगातार बारिश से खेतों में पानी भर गया है। कई जगह पकी हुई धान की बालियां पानी में तैर रही हैं।आमापाली के किसान डोला पटेल ने बताया कि बारिश और चक्रवाती हवाओं से खेतों में पानी भर गया है। पकी फसल पानी में डूबने से नुकसान बढ़ने की आशंका है। किसान रामकृष्ण पटेल ने भी बारिश से फसल प्रभावित होने की बात कही। किसानों ने कृषि और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम से खेतों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की है।
About The Author

