खबर दस्तक।दानसरा
दानसरा क्षेत्र के ग्राम बैगिनडीह में 30 सितंबर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिन बुधवार को अनन्य विवाह, सुदामा चरित्र एवं अवधूत उपाख्यान का प्रसंग सुनाया गया। कथा व्यास पं. अशोक पंडा ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्त-भगवान के संबंध का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।


कथा व्यास पं. अशोक पंडा ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को भक्ति, प्रेम, त्याग और सदाचार का मार्ग दिखाती है। सुदामा चरित्र का वर्णन करते हुए उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि सच्ची मित्रता में धन-दौलत और ऊंच-नीच का कोई स्थान नहीं होता। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने निर्धन मित्र सुदामा का जिस आत्मीयता से स्वागत किया, वह भक्त के प्रति भगवान के प्रेम और सच्ची मित्रता का उदाहरण है।
उन्होंने अवधूत उपाख्यान के माध्यम से जीवन में संयम, वैराग्य और प्रकृति से सीख लेने का संदेश दिया। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजनों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर मोहन पटेल, सीताराम पटेल, टीकाराम पटेल,बाबूलाल पटेल, रामदयाल पटेल,निराकार पटेल, विकास पटेल, गणेश बरिहा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालु उपस्थित रहे।
About The Author

