खबर दस्तक।खेल डेस्क
252 रन पर 8 विकेट गंवाने के बाद मनल-मोहित ने पलटा मैच, एक विकेट से दर्ज की ऐतिहासिक जीत
भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने रोमांच की सारी हदें पार करते हुए एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। शनिवार को अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की। इसके साथ ही भारतीय टीम ने रिकॉर्ड नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 337 रन बनाए और भारत के सामने 338 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 95 रन जोड़े। लक्ष्य ने 80 और आर्यवीर सहवाग ने 58 रन की पारी खेली।एक समय भारत का स्कोर 146 रन पर एक विकेट था, लेकिन इसके बाद मध्यक्रम लड़खड़ा गया। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से भारतीय टीम मुश्किल में आ गई। देखते ही देखते भारत ने 252 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने आठ विकेट गंवा दिए। टीम को जीत के लिए 86 रनों की जरूरत थी और केवल दो विकेट शेष थे।
मनल-मोहित ने बदल दिया मैच का रुख
मुश्किल हालात में मनल चौहान और मोहित उल्वा ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नौवें विकेट के लिए 57 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। मनल चौहान ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए, जबकि मोहित उल्वा ने महज 26 गेंदों में नाबाद 49 रन की विस्फोटक पारी खेली।
मनल के आउट होने के बाद भी मोहित ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने चिगुरूपति वेंकटा के साथ आखिरी विकेट के लिए नाबाद 30 रन जोड़कर भारत को जीत के करीब पहुंचाया। आखिरी ओवर में भारत को आठ रन की जरूरत थी। मुकाबला अंतिम गेंद तक पहुंच गया, जहां मोहित ने चौका जड़कर भारतीय टीम को यादगार जीत दिला दी।एक समय लगभग तय मानी जा रही हार को जीत में बदलकर भारतीय युवा खिलाड़ियों ने न सिर्फ खिताब बचाने की चुनौती पार की, बल्कि पाकिस्तान के खिलाफ इस रोमांचक मुकाबले को अंडर-19 क्रिकेट के यादगार फाइनल में भी शामिल कर दिया।
About The Author

