खबर दस्तक सारंगढ़।
3 से 7 नवंबर तक पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं; किसानों को पढ़कर सुनाई जाएगी पंजीकृत खसरा नंबरों और फसल विवरण की सूची
किसानों के पंजीयन और फसल संबंधी अभिलेखों में पारदर्शिता लाने के लिए जिले में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। राज्य शासन के निर्देश पर 3 से 7 नवंबर तक ग्राम पंचायतों में होने वाली इन सभाओं में एग्रीस्टैक के तहत पंजीकृत किसानों की सूची और डिजिटल फसल सर्वेक्षण में दर्ज फसल विवरण का सार्वजनिक वाचन कर सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान किसान अपने पंजीयन, खसरा नंबर और फसल संबंधी जानकारी का मिलान कर सकेंगे। किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर दावा-आपत्ति भी दर्ज करा सकेंगे।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित अधिकारियों और मैदानी अमले को निर्धारित समय-सीमा में ग्राम सभाएं आयोजित करने तथा किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम सभा में पढ़कर सुनाई जाएगी सूची
विशेष ग्राम सभाओं में पंचायतवार पंजीकृत किसानों और उनके खसरा नंबरों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के साथ पढ़कर सुनाई जाएगी। इसके अलावा डिजिटल फसल सर्वेक्षण और पीवी के तहत दर्ज फसल विवरण की जानकारी भी किसानों को दी जाएगी। इससे किसान अपने भूमि अभिलेखों और दर्ज फसलों की जानकारी का सत्यापन कर सकेंगे।
सरपंच-सचिव के पास दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
प्रशासन ने किसानों से ग्राम सभा में उपस्थित होकर किसान पंजीयन, खसरा नंबर, भूमि विवरण और फसल की जानकारी का मिलान करने की अपील की है। सूची में नाम या खसरा नंबर छूटने अथवा फसल विवरण में त्रुटि होने पर संबंधित समिति, ग्राम पंचायत के सचिव या सरपंच के समक्ष दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।
प्राप्त दावा-आपत्तियों का ग्राम पंचायत और समितियों में संकलन किया जाएगा। इसके बाद आवश्यक जांच और भौतिक सत्यापन कर तहसीलदार द्वारा उनका परीक्षण एवं निराकरण किया जाएगा। प्रशासन ने सभी आपत्तियों का निराकरण 10 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
छूटे खसरे भी जोड़े जाएंगे
जिन किसानों के पंजीकृत खसरा नंबर सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें किसान पंजीयन पहचान क्रमांक के माध्यम से यूएफआर व्यवस्था के तहत जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डिजिटल फसल सर्वेक्षण में दर्ज फसल की जानकारी गलत मिलने पर जांच के बाद उसमें आवश्यक सुधार किया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को दावा-आपत्तियों का समय-सीमा में निराकरण करने और ग्राम सभाओं में किसानों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि किसान पंजीयन और फसल संबंधी अभिलेख सही एवं अद्यतन रहने से किसानों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।
About The Author

