खबर दस्तक सारंगढ़।
मिट्टी के दीये, फूल-मालाएं और पूजन सामग्री खरीदकर बढ़ाया व्यापारियों का उत्साह, जिलेवासियों से स्थानीय उत्पाद अपनाने की अपील
दीपावली के अवसर पर स्थानीय छोटे व्यापारियों और कारीगरों को प्रोत्साहित करने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू शनिवार को सारंगढ़ के जयस्तंभ चौक स्थित बाजार पहुंचीं। उन्होंने पैदल बाजार का भ्रमण कर छोटी दुकानों से दीपावली की पूजन, घरेलू और सजावट की सामग्री खरीदी। कलेक्टर ने मिट्टी के दीये, फूल-मालाएं, भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की मूर्तियां खरीदकर स्थानीय दुकानदारों का उत्साह बढ़ाया।इस दौरान कलेक्टर ने दुकानदारों से बातचीत कर उनके व्यवसाय और दीपावली की तैयारियों की जानकारी भी ली। उन्होंने स्थानीय दुकानों से खरीदारी कर लोगों को संदेश दिया कि त्योहारों पर स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों से सामान खरीदने से उनकी आजीविका को सहारा मिलता है।
स्थानीय खरीदारी से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि दीपावली की खरीदारी में स्थानीय छोटे दुकानदारों, कुम्हारों और पारंपरिक कारीगरों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि मिट्टी के दीये और स्थानीय स्तर पर तैयार सजावटी एवं पूजन सामग्री खरीदने से पारंपरिक कला और संस्कृति को संरक्षण मिलता है। साथ ही इससे छोटे व्यापारियों और उनसे जुड़े परिवारों को रोजगार एवं आर्थिक संबल मिलता है।उन्होंने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की सामूहिक पहल है। नागरिकों के छोटे-छोटे प्रयास स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
व्यापारियों ने जताई खुशी
कलेक्टर ने इस अवसर पर जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को आपसी सद्भाव और उत्साह के साथ मनाने की अपील की। उनके स्वयं बाजार पहुंचकर खरीदारी करने और दुकानदारों से संवाद करने से जयस्तंभ चौक के व्यापारियों में उत्साह देखा गया। व्यापारियों ने कहा कि कलेक्टर द्वारा छोटी दुकानों से खरीदारी करना उनके लिए सम्मान और प्रोत्साहन की बात है।
About The Author

