नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में विकास की नई लहर का किया जिक्र, जवानों के बलिदान और समर्पण को किया नमन
खबर दस्तक।रायपुर
कभी नक्सलवाद के खौफ और गोलियों की गूंज के लिए पहचाने जाने वाले बस्तर के जंगलों में इस बार दीपावली का पर्व एक अलग संदेश लेकर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचे और करनपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप में जवानों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने जवानों को मिठाई खिलाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और उनके त्याग, तपस्या तथा देश के प्रति समर्पण को नमन किया।
प्रधानमंत्री ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा, ”आप सभी मेरे परिवार का हिस्सा हैं। इस बार मैं बस्तर के जंगलों में आपके साथ दीपावली मनाने आया हूं।” उन्होंने कहा कि यह वही इलाका है, जहां कभी नक्सलवाद का आतंक था। जवानों के बलिदान और समर्पण की वजह से अब इस क्षेत्र में नक्सलवाद खत्म हुआ है और विकास की नई लहर शुरू हुई है।
सुरक्षा से विकास की ओर बढ़ता बस्तर
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सरकार ने एक के बाद एक कई कड़े फैसले लिए हैं। सफलता के लिए सही इरादे और सही नीतियां जरूरी हैं। इन प्रयासों से नक्सलियों और अलगाववादियों की फंडिंग पर चोट पहुंची है। उनके नेटवर्क को कमजोर किया गया है। उन्होंने जवानों के योगदान को इस बदलाव का महत्वपूर्ण आधार बताया।
जवानों के साथ दीपावली मनाने की 13वीं बार निभाई परंपरा
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा शुरू की थी। वर्ष 2014 से 2025 तक वे 12 बार देश के अलग-अलग सीमावर्ती और रणनीतिक क्षेत्रों में जवानों के बीच दीपावली मना चुके हैं। इस बार बस्तर पहुंचकर उन्होंने 13वीं बार यह परंपरा निभाई। छत्तीसगढ़ में जवानों के साथ दीपावली मनाने का यह उनका पहला अवसर रहा।प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर में करोड़ों लोग अपने परिवार के साथ दीपावली मना रहे हैं, लेकिन सुरक्षा बलों के जवान देश की रक्षा के लिए अपने घरों से दूर रहकर जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनके बीच दीपावली मनाना उनके लिए विशेष अवसर है।
About The Author

