गुजरात से कर्नाटक तक फैला था नेटवर्क, गरीब और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को बनाते थे निशाना; अस्पताल का डॉक्टर भी गिरफ्तार
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के सनसनीखेज मामले में पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने इसी साल करीब 25 नवजात बच्चों का सौदा किया है। आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाएं गिरोह के निशाने पर थीं। प्रसव के बाद नवजात के लिंग और जाति के आधार पर उनकी कीमत तय की जाती थी। मामले में रायपुर के दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर समेत तीन और आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तार आरोपितों की संख्या छह हो गई है। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।आजाद चौक थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान डॉक्टर खिर सिंधु महानंद, नर्स प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर खिर सिंधु महानंद अस्पताल के फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। वह ये दस्तावेज महिला आरोपित कृतिका साहू को देता था।
तीन डिलीवरी और 26 जन्म प्रमाण पत्र की जानकारी
पूछताछ में आरोपित ने वर्ष 2026 में तीन डिलीवरी होने और 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस इन रिकॉर्ड की जांच कर रही है। आरोपितों ने अपने मोबाइल से कुछ डेटा भी डिलीट किया है। इसे एफएसएल जांच के लिए भेजकर साक्ष्य जुटाने की कोशिश की जा रही है।
गुजरात से कर्नाटक तक फैला था नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह ने नवजातों की खरीद-बिक्री के लिए दूसरे राज्यों तक नेटवर्क बना रखा था। अहमदाबाद, नागपुर और बेंगलुरु तक बच्चों को बेचे जाने की जानकारी मिली है। इसके लिए वाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
About The Author

