जांजगीर-चांपा और सक्ती के श्रमिक भी शामिल; सोलापुर पहुंची संयुक्त टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से कराया मुक्त, 9 बच्चे भी लौटे
सारंगढ़।
रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र गए छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों को बंधक जैसी परिस्थितियों से मुक्त कराकर जिला प्रशासन ने सकुशल उनके घर पहुंचाया है। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35 श्रमिक शामिल हैं। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के सहयोग से यह कार्रवाई की। मुक्त कराए गए श्रमिकों में 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं।
जनदर्शन में पहुंची थी शोषण की शिकायत
मामले का खुलासा ग्राम पंचायत उलखर के एक श्रमिक द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में की गई शिकायत के बाद हुआ। शिकायत में बताया गया था कि महाराष्ट्र के सोलापुर में एक व्यक्ति रोजगार, रहने-खाने, इलाज और साप्ताहिक मजदूरी देने का भरोसा देकर गांव के लोगों को गन्ना कटाई और ट्रक लोडिंग के काम के लिए ले गया था। वहां श्रमिकों से सुबह से रात 9 बजे तक काम कराया जाता था, लेकिन मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था। पर्याप्त राशन भी नहीं दिया जाता था। बीमार होने के बावजूद काम कराया जाता था। श्रमिकों ने मारपीट और दुर्व्यवहार की शिकायत भी की थी।
कलेक्टर के निर्देश पर सोलापुर पहुंची टीम
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने 14 नवंबर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद श्रम निरीक्षक डोलमनी माही, राजस्व निरीक्षक दीपक पटेल, सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश रजक और आरक्षक भूपेंद्र कुमार चंद्रा की संयुक्त टीम सोलापुर भेजी गई। जांच में श्रमिकों से बंधक जैसी परिस्थितियों में गन्ना कटाई का काम कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद स्थानीय प्रशासन के सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया।
तीन जिलों के श्रमिकों की हुई वापसी
मुक्त कराए गए श्रमिकों में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के उलखर, बैगनडीह, नौरंगपुर सहित अन्य गांवों के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिक शामिल हैं। सभी 20 नवंबर को सकुशल अपने गृह ग्राम लौटे। लंबे समय बाद परिवार के बीच पहुंचने पर श्रमिकों और उनके परिजनों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
About The Author

