कुधरी और बरभांठा (अ) में जिला पंचायत सीईओ ने किया निरीक्षण, 156 आवास अब भी अधूरे; आवास प्लस 2.0 में 12,210 नए मकानों की स्वीकृति प्रक्रिया जारी
खबर दस्तक।सारंगढ़
जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों को समय-सीमा में पूरा कराने प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने ग्राम पंचायत कुधरी और बरभांठा (अ) पहुंचकर निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर निर्माण में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और अधिकारियों को तकनीकी बाधाओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं मुख्यमंत्री आवासों का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने की हिदायत दी गई है।
दो पंचायतों में 156 आवास अधूरे
विभागीय आंकड़ों के अनुसार कुधरी और बरभांठा (अ) ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत कुल 372 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 214 आवास पूर्ण और 156 आवास अपूर्ण दर्ज हैं।बरभांठा (अ) में कुल 204 आवास स्वीकृत हैं। इनमें 91 पूर्ण और 112 अपूर्ण बताए गए हैं। वहीं कुधरी में 168 स्वीकृत आवासों में से 123 पूर्ण और 44 आवास अधूरे हैं। इन आंकड़ों के अनुसार दोनों पंचायतों में आवास निर्माण की गति बढ़ाने की जरूरत है।
दिसंबर तक पूरा नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आवासों का निर्माण दिसंबर माह तक हर हाल में पूरा किया जाए। निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूरा नहीं होने पर नियमानुसार आवास निरस्त करने और हितग्राहियों को दी गई राशि की वसूली की कार्रवाई भी की जा सकती है।उन्होंने सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और तकनीकी सहायकों को आपसी समन्वय बनाकर अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही हितग्राहियों से भी निर्माण कार्य में तेजी लाने की अपील की।
किस्त और तकनीकी समस्याओं का होगा निराकरण
निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों ने आवास निर्माण में आ रही तकनीकी परेशानियों से अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर सीईओ ने जिला एवं जनपद पंचायत की आवास शाखा को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने कहा। इनमें आवास की किस्त जारी करना, एफटीओ जनरेट करना, नॉमिनी परिवर्तन, जियो टैगिंग, जॉब कार्ड मैपिंग और ई-केवाईसी जैसी समस्याएं शामिल हैं।उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से किसी भी पात्र हितग्राही का आवास निर्माण बाधित नहीं होना चाहिए। इसके लिए मैदानी अमला हितग्राहियों के लगातार संपर्क में रहे और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करे।
आवास प्लस 2.0 में 12,210 नए आवासों का लक्ष्य
जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने बताया कि आवास प्लस 2.0 के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 12,210 नए आवासों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि पहले से स्वीकृत अधूरे आवासों को जल्द पूरा करना जरूरी है, ताकि नए पात्र हितग्राहियों को भी आवास योजना का लाभ समय पर मिल सके।कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिले में आवास योजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का जोर स्वीकृत आवासों को समय-सीमा में पूरा कराने और पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने पर है।
About The Author

