खबर दस्तक।सारंगढ़
ग्राम माधोपाली के लात नाला पर बने पुल पर इन दिनों बड़ी संख्या में आवारा मवेशियों के बैठे रहने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार पुल पर एक साथ करीब 50 से अधिक मवेशी बैठे रहते हैं। इससे पुल पर वाहनों के निकलने के लिए जगह कम पड़ जाती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

दानसरा से ओडिशा को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग होने के साथ ही सोहेला और छत्तीसगढ़ की अंतिम सीमा की ओर जाने वाला मार्ग है। ऐसे में यहां दिनभर वाहनों का आवागमन रहता है। दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहन चालकों को पुल पर बैठे मवेशियों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार मवेशी अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। रात में ज्यादा खतरा, कम रोशनी में नजर नहीं आते मवेशी ग्रामीणों के अनुसार रात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है। पुल पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण सड़क पर बैठे मवेशी दूर से दिखाई नहीं देते। ऐसे में तेज गति से आने वाले वाहनों के सामने अचानक मवेशी आने पर हादसे की आशंका बनी रहती है। पुल की सीमित चौड़ाई के कारण वाहन चालकों के पास बचने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं रहती।

मवेशियों को हटाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर मवेशियों के जमावड़े के कारण आए दिन दुर्घटना की स्थिति बनती रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से पुल पर बैठे आवारा मवेशियों को तत्काल हटाने तथा उन्हें सड़क पर छोड़ने वाले पशु मालिकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना की स्थिति बन सकती है।
About The Author

