खबर दस्तक सारंगढ़।
दानसरा से बरमकेला तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर कुछ स्थानों पर सड़क की स्थिति खराब होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गड्ढों और वाहनों के गुजरने से उड़ने वाली धूल के कारण आवागमन मुश्किल हो रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को गड्ढों से बचकर निकलना पड़ता है। सड़क के खराब हिस्सों में वाहन अनियंत्रित होने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।

यह मार्ग ओडिशा सीमा से लगे गांवों को सारंगढ़ जिला मुख्यालय से जोड़ने के साथ ही ओडिशा आने-जाने के लिए भी महत्वपूर्ण है। क्षेत्र के लोग अस्पताल, स्कूल-कॉलेज और अन्य जरूरी कामों के लिए इसी रास्ते से सारंगढ़ पहुंचते हैं। ऐसे में बरमकेला से दानसरा के बीच सड़क के कुछ हिस्सों में गड्ढे होने से बस, ट्रक, चारपहिया और दोपहिया वाहन चालकों को सावधानी से गुजरना पड़ता है। वहीं, सड़क से गुजरने वाले वाहनों के कारण उड़ने वाली धूल से भी लोगों को परेशानी हो रही है।
अंधेरे में सब्जियां लेकर निकलते हैं किसान
सड़क की खराब स्थिति का असर किसानों और व्यापारियों पर भी पड़ रहा है। क्षेत्र के कई किसान अलसुबह अपनी सब्जियां लेकर सारंगढ़ के मुख्य बाजार में बेचने जाते हैं। सुबह अंधेरा रहने के कारण मोटरसाइकिल की रोशनी में सड़क पर बने गड्ढों का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। किसानों के अनुसार, गड्ढों से होकर गुजरते समय कई बार सब्जियों की बोरियां और थैले गिर जाते हैं, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। इसके अलावा वाहनों के गुजरने से उड़ने वाली धूल के कारण भी राहगीरों को परेशानी होती है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
ग्रामीण लंबोदर वैष्णव ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण पिछले दिनों बाइक सवारों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में लोगों को गंभीर चोटें भी लगी हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क के जिन हिस्सों में गड्ढे हो गए हैं, उनकी जल्द मरम्मत कराई जानी चाहिए, ताकि दुर्घटनाओं का खतरा कम हो और राहगीरों, किसानों व व्यापारियों को राहत मिल सके।
About The Author

