खबर दस्तक।सारंगढ़
समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए किसानों को अब टोकन बनवाने के लिए समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य शासन ने धान खरीदी की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप शुरू किया है। इसके जरिए किसान घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है। इसे देखते हुए कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को किसानों तक ऐप और टोकन व्यवस्था की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।शासन ने किसानों के पंजीकृत रकबे के आधार पर टोकन जारी करने की सीमा तय की है। इसके तहत दो एकड़ तक जमीन वाले सीमांत किसानों को अधिकतम एक टोकन, दो से दस एकड़ तक रकबा रखने वाले किसानों को दो टोकन और दस एकड़ से अधिक जमीन वाले किसानों को अधिकतम तीन टोकन मिल सकेंगे। हालांकि सभी टोकनों में दर्ज धान की कुल मात्रा किसान की पात्र खरीदी सीमा से अधिक नहीं होनी चाहिए। टोकन में धान की मात्रा दर्ज करते समय प्रति बोरा 0.40 क्विंटल के मान से प्रविष्टि करना अनिवार्य होगा।
सोमवार से शुक्रवार तक 24 घंटे मिलेगी सुविधा
‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से सोमवार से शुक्रवार तक 24 घंटे टोकन बनाने की सुविधा रहेगी। किसान टोकन बनाते समय खरीदी की तारीख का विशेष ध्यान रखें। टोकन में उसी दिन की तौल की तारीख नहीं चुनी जा सकेगी। शनिवार, रविवार और शासकीय अवकाश के दिन भी धान तौल की तारीख निर्धारित नहीं की जा सकेगी।
बैंक खाता सत्यापित होना जरूरी
टोकन जारी कराने के लिए किसान का बैंक खाता सत्यापित होना जरूरी है। असत्यापित बैंक खाते वाले किसानों को टोकन जारी नहीं किया जाएगा। वहीं, एक किसान के नाम पर एक दिन में दो से अधिक टोकन जारी नहीं होंगे। पहले से जारी टोकन में संशोधन या निरस्तीकरण संबंधित समिति के माध्यम से कराया जा सकेगा। निरस्त टोकन को छोड़कर शेष टोकनों में दर्ज मात्रा के आधार पर ही खरीदी की पात्रता की गणना होगी।धान खरीदी अवधि के दौरान किसान टोकन के लिए आवेदन कर सकेंगे। टोकन जारी करने की सुविधा खरीदी के अंतिम दिन तक उपलब्ध रहेगी। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को टोकन संबंधी नियमों की जानकारी सरल भाषा में दी जाए। साथ ही खरीदी केंद्रों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि छोटे किसानों को प्राथमिकता मिले और धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
About The Author

