समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने सड़क मरम्मत और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर निराकरण करने के निर्देश
खबर दस्तक।सारंगढ़
जिले में धान खरीदी व्यवस्था की निगरानी के लिए अब जिला स्तरीय अधिकारी खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जांच के साथ अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर भी सख्ती बरती जाएगी। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को ये निर्देश दिए।बैठक में कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों को दूर कराने के साथ अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर प्रभावी निगरानी रखी जाए। ऐसे मामलों में लापरवाही नहीं बरतते हुए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सारंगढ़-बलौदाबाजार मार्ग की मरम्मत जल्द कराने के निर्देश
बैठक में सारंगढ़ से बलौदाबाजार मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सड़क की मरम्मत का काम शीघ्र शुरू कराने और आवागमन की परेशानी दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए मरम्मत कार्य को प्राथमिकता दी जाए।
सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय पर करें निराकरण
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों और विभिन्न विभागों में लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण करने को कहा। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।
आपदा प्रभावितों को जल्द मिलेगी सहायता राशि
आरबीसी 6-4 के तहत लंबित प्रकरणों पर कलेक्टर ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र प्रभावितों को नियमानुसार सहायता राशि जारी करने को कहा। वहीं, विद्यार्थियों की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए सारंगढ़ के गणचौक से बस स्टैंड तक ई-रिक्शा संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि स्कूली और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को आने-जाने में परेशानी न हो।बैठक में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम डीएस राजपूत, बिलाईगढ़ एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, जनपद पंचायतों के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
About The Author

