पहले दो तूफानों में तेज हवाओं से खेतों में गिर चुकी है धान की फसल, अब फिर मौसम बिगड़ने से नुकसान की आशंका; बाजारों में भी दिखा मौसम का असर
खबर दस्तक।सारंगढ़
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर के साथ सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में मौसम ने करवट ले ली है। जिले में गुरुवार रात से बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी रुक-रुककर हल्की बारिश का दौर जारी है। मौसम में आए इस बदलाव ने जहां धान की कटाई की तैयारी कर रहे किसानों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं एकादशी पर्व की रौनक पर भी असर पड़ा है। बारिश और खराब मौसम के चलते बाजारों एवं सार्वजनिक गतिविधियों में अपेक्षित चहल-पहल कम दिखाई दे रही है।जिले में इन दिनों किसान धान की फसल की कटाई की तैयारी में जुटे हुए थे। ऐसे समय में लगातार बारिश और तेज हवाओं की आशंका ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है। इससे पहले भी दो चक्रवाती तूफानों के असर से मौसम खराब हुआ था। उस दौरान तेज हवाओं के कारण कई खेतों में धान की फसल गिर गई थी। अब एक बार फिर बारिश होने से किसानों को फसल के नुकसान का डर सता रहा है। पहले से मौसम की मार झेल रहे किसानों की चिंता और बढ़ गई है।
एकादशी पर्व की रौनक पर भी मौसम की मार
शुक्रवार को एकादशी पर्व होने के बावजूद चक्रवाती तूफान अकवान के असर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बारिश और आसमान में छाए बादलों के कारण पर्व की सामान्य रौनक भी प्रभावित हुई है। बाजारों में लोगों की आवाजाही और पर्व से जुड़ी गतिविधियों में अपेक्षाकृत कमी देखी जा रही है। मौसम खराब रहने से आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। लोगों को उम्मीद है कि मौसम साफ होने के बाद पर्व की चहल-पहल फिर लौटेगी।
20 और 21 नवंबर को तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके शुक्रवार दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के बीच गोपालपुर के पास तट पार करने की संभावना जताई गई है। तट से टकराते समय हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों में 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।इस मौसमी सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखाई दे रहा है। 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
11 जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
फिलहाल मौसम के बदले मिजाज ने जिले में किसानों से लेकर आम लोगों तक की चिंता बढ़ा दी है। किसानों को डर है कि यदि बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहा तो खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल को और नुकसान हो सकता है।
About The Author

