पिछले दिनों सरिया में अलेख-महिमा पंथ के वार्षिक “महिमा बाललीला” कार्यक्रम में एक बार फिर शामिल होने का अवसर मिला। पूर्वी छत्तीसगढ़ में महानदी के पास स्थित सरिया, ओड़िया भाषा और संस्कृति के साथ इस अंचल के ऐतिहासिक जुड़ाव तथा जनमानस पर उसके गहरे प्रभाव का गौरवशाली ध्वजवाहक रहा है। सरकारी रिकॉर्ड में सरिया एक नगर पंचायत है।अनेक लोगों की नज़र में एक बड़ा और “विकसित” गांव है। किंतु ऐतिहासिक महत्त्व की दृष्टि में सरिया का स्थान कहीं अधिक महत्वपूर्ण रहा है। मुझे याद है अस्सी के दशक में जब दिल्ली में श्रमिक के रूप में पहुंची एक महिला को छत्तीसगढ़ी श्रमिकों के बीच पा कर मैंने पूछा था कि वह कहाँ से है। उत्तर में उसने कहा था “सरिया-राज” से। अधिक पूछने पर पता चला था उसका गांव सारंगढ़ से अधिक नज़दीक था। किंतु अनजान दूर देश में अपनी पहचान सरिया-राज से जोड़ कर बताना उसे अधिक भरोसेमंद तरीक़ा लगा था। पश्चिम से पूर्व की ओर बहती महानदी एक सीधी रेखा में सारंगढ़ राज्य की उत्तरी सीमा बनाती है। इस सीमा के मध्य बिंदु से, मैदानी क्षेत्र को लगभग दो बराबर हिस्सों में बांटते हुए, नदी के तट से एक पर्वत माला दक्षिण की ओर उठती है।पर्वत के पश्चिम में फैले मैदानी क्षेत्र में प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ी बोली जाती है। पूर्व में ओड़िया का बोलबाला बरक़रार है। संस्कृति, खानपान, तीज-त्योहार, पहनावे, सामाजिक जातियों, शादी-ब्याह के रिश्तों, बेटी के दहेज़ में दिए जाने वाले बर्तनों और कृषि के तरीक़ों से लेकर ढेरों मामलों में छत्तीसगढ़ और ओड़िसा के प्रभावों का अंतर स्पष्ट नज़र आता है। इस ओड़िया-प्रभावित पूर्वी क्षेत्र की सांस्कृतिक राजधानी सरिया उस धुरी (केंद्र) के समान है, जिसकी ओर पूरा क्षेत्र नेतृत्व और प्रेरणा के लिए देखता है, जिस पर यह अंचल आश्रित है और जिस पर उसे गर्व है। आज़ादी से पहले तक जो इलाक़ा सारंगढ़ राज्य का सरिया परगना था, आज़ादी के बाद वह बरमकेला ब्लॉक का हिस्सा बन गया।


एक विशेषता धार्मिक प्रभावों की भी है। एक उदाहरण- गुरु घासीदास जी के द्वारा स्थापित सतनाम और रामनाम पश्चिम हिस्से की पहचान है तो पूर्व की अपनी विशिष्टताओं में अलेख- महिमा पंथ प्रमुख है।भारत में सदियों से रही धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं और प्रथाओं की विविधता के बीच उन्नीसवीं सदी में ओड़िसा में शुरू हुआ महिमा धर्म समय के साथ छत्तीसगढ़ पहुंच गया। ओड़िसा में इसकी शुरुआत एक प्रमुख आध्यात्मिक और समाज-सुधारक आंदोलन के रूप में हुई थी।इस पंथ के केंद्र में ‘अलेख’ हैं: एक ऐसा ईश्वर जिसे न तो लिखा जा सकता है, न चित्रित किया जा सकता है और न ही जिनका वर्णन किया जा सकता है। महिमा ग्रंथों में इस सत्ता के लिए कई शब्दों का प्रयोग किया गया है: अलेख (अवर्णनीय), निर्गुण (गुणों से रहित), निराकार (बिना किसी रूप के), अनादि (जिसकी कोई शुरुआत न हो), निरंजन (शुद्ध) और महिमा (तेज या वैभव) — इसी ‘महिमा’ शब्द से इस पंथ का नाम पड़ा है।

ब्राह्मणवाद के विपरीत, इसे एक गैर-अनुष्ठानिक धर्म माना जाता है। यह मूर्ति पूजा को नकारता है और कहा जाता है कि यह “विशुद्ध अद्वैत दर्शन” पर आधारित है। यह वैदिक धर्म द्वारा प्रचारित ‘परलोकवाद’ (संसार से विरक्ति) के खिलाफ है। अनुयायियों के अनुसार, परमेश्वर ‘शून्य’ के समान है। लेकिन महिमा पंथ का ‘शून्य’ केवल ‘कुछ न होना’ (अभाव) नहीं है। इस पंथ में ईश्वर वह परम सत्ता है जो सब कुछ मिट जाने के बाद भी शेष रह जाती है। अन्य प्राणियों के प्रति प्रेम और अहिंसा इस धर्म के मुख्य आधार हैं।
ओडिशा की रियासतों के आदिवासी और वंचित लोगों के अलावा कोल्ता समाज के बीच एक लोक-संप्रदाय के रूप में शुरू होकर, यह अब एक व्यापक धर्म बन गया है, जिसके भक्त दूर-दूर तक फैले हुए हैं। 1870 और 1880 के दशक में अलेख पंथ के संन्यासियों (बाबाओं) ने छत्तीसगढ़ के रियासती इलाकों (जैसे सारंगढ़) में भ्रमण शुरू किया और उसके बाद से छत्तीसगढ़ में सारंगढ़ के अलावा महासमुंद (सरायपाली, बसना), रायगढ़ (पुसौर, तमनार), गरियाबंद, जशपुर और सरगुजा ज़िलों में इस पंथ के अनुयायी बड़ी संख्या में बनते चले गए। छत्तीसगढ़ के कई गाँवों में आज भी अलेख महिमा धर्म के छोटे आश्रम (जिन्हें स्थानीय भाषा में ‘तुंगी’ या ‘महिमा आश्रम’ कहा जाता है) मौजूद हैं। इस संप्रदाय के प्रवर्तक महिमा गोसांईं और उनके प्रमुख अनुयायी भीमा भोई से कई कथाएं और मान्यताएं जुड़ी हुई हैं। स्थानीय परंपराओं के अनुसार, महिमा स्वामी एक ऐसे संत थे जो खुली ज़मीन पर (धूल में) सोते थे सो उन्हें “धूलिया गोसांई” या “धूलिया बाबा” भी कहा गया। कहा जाता है कि उन्होंने पहाड़ी की चोटी पर ध्यान लगाते हुए 12 वर्षों तक कुछ भी नहीं खाया; इसके बाद 12 वर्षों तक वे केवल फलों पर और फिर अगले 12 वर्षों तक केवल दूध पर जीवित रहे। इसलिए वे “निराहारी गोसांई” भी कहलाए।
खोंड जनजाति से ताल्लुक रखने वाले भीमा भोई उनके कट्टर अनुयायी थे। उनके द्वारा रचित भक्ति गीत न केवल इस धर्म के अनुयायियों के बीच, बल्कि अन्य लोगों के बीच भी बहुत लोकप्रिय हैं। उन्हें एक संत-कवि के रूप में भी माना जाता है और ओड़िया के प्रमुख कवियों में उनका विशेष स्थान है। उनकी रचनाएं उनके धार्मिक विश्वासों के सार को दर्शाती हैं।
उनकी लिखी एक पंक्ति इन साधुओं के फ़लसफ़े को समझने में मदद करती है – ““प्राणींक आरत दु:ख अप्रमित देखु देखु केबा सहू। मो जीबन पछे नर्के पड़िथाउ, जगत उद्धार हेउ” (धरती पर प्राणियों का दुख इतना अथाह और अनंत है कि एक संवेदनशील हृदय उसे देखते हुए शांत नहीं रह सकता। मेरा जीवन नर्क बनता है तो बन जाए लेकिन इस जगत का उद्धार हो)कहा जाता है कि भीमा भोई रायराखोल रियासत के ग्रामडीहा नामक एक छोटे से गांव के रहने वाले थे। उन्होंने अपने जीवन का अधिकांश समय सोनपुर रियासत के खालियापाली गांव में बिताया और वहीं उनका निधन हुआ। वर्तमान में, भक्तों ने गाँव में उनकी स्मृति को समर्पित एक सुंदर मंदिर बनाया है।
इस संप्रदाय में दो तरह के अनुयायी होते हैं: साधु (संन्यासी) और गृहस्थ। महिमा पंथ में संन्यास लेना अत्यंत कठिन माना जाता है, क्योंकि इसमें सांसारिक मोह-माया, धन, जाति और स्थायी निवास का पूर्ण त्याग करना पड़ता है। अलेख महिमा पंथ के भीतर ‘बल्कलधारी’ और ‘कौपिनधारी’ संन्यासियों का विभाजन 1876 में संस्थापक महिमा स्वामी के महाप्रयाण के बाद हुआ, जो मुख्य रूप से ‘बल्कल’ (कुंभी पेड़ की छाल) धारण करने के अधिकार और दीक्षा की कठोरता को लेकर उत्पन्न हुआ था। कुंभी पेड़ की छाल के कारण इनके लिये कुम्भीपटिया शब्द भी प्रचलन में आया। कमर पर लंगोट की तरह केसरिया रंग का एक छोटा कपड़ा (कौपीन) पहनने वाले कौपीनधारी कहलाए। दोनों तरह के साधू गांवों में घूम-घूमकर गृहस्थों के बीच अपने धर्म का प्रचार करते हैं। वे भारतीय जाति व्यवस्था में विश्वास नहीं रखते।इनका एक नियम है जो इनके आश्रम के लिये स्थल चयन करने में बड़ी भूमिका निभाता है। साधू किसी एक गांव में दो रात से अधिक नहीं रुक सकते। सरिया में इनके आश्रम में प्रति वर्ष होने वाला आयोजन अनिवार्य रूप से तीसरे दिन समाप्त हो जाता है। इसके विपरीत बरमकेला ब्लॉक में ही दक्षिणी छोर पर जीरा नाला के किनारे एक आश्रम है जिसे ग्रामीणों ने चंदा एकत्र कर ऐसे स्थान पर बनाया है जो बिर्नीपाली, सहजबहाल, भराली और रंगाडीह नामक चार गांवों की सीमाओं को छूता है। यहां हर साल माघ-पूर्णिमा के अवसर पर हजारों की संख्या में अनुयायी पहुंचते हैं। हालांकि मेरे देखते पिछले पैंतीस-चालीस सालों में बाबा कभी तीन दिन से अधिक नहीं रुके।
माघ-पूर्णिमा के दिन उड़ीसा के ढेंकनाल ज़िले के जोरंडा गांव में जुटने वालों की संख्या लाखों में पहुंचती है। यहां महिमा धर्म के प्रवर्तक महिमा स्वामी (या महिमा गोसांई) की समाधि है। सन 1874 के आसपास जोरंडा पहुंच कर यहां उन्होने अपना मुख्य केन्द्र स्थापित किया था और दो वर्ष के बाद यहीं उनकी मृत्यु हुई थी। सरिया में हर साल होने वाले बाललीला (या बाल्यलीला) कार्यक्रम का महिमा पंथ में बड़ा महत्व है। यह एक अत्यंत पवित्र और अनूठा धार्मिक अनुष्ठान है, जिसमें छोटे बच्चों को साक्षात ईश्वर (शून्य ब्रह्म) का निर्मल रूप मानकर उन्हें सात्विक भोजन (प्रसाद) कराया जाता है।
———-
गिरिविलास पैलेस
सारंगढ़ (छत्तीसगढ़)
About The Author

