अयोध्या और जनकपुर के बीच 28 नवंबर से चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस,दोनों प्रधानमंत्रियों ने दिखाई हरी झंडी
नई दिल्ली।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा के दौरान सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को विशेष उपहार भी भेंट किए। पीएम मोदी ने नेपाली प्रधानमंत्री को विशेष कलश में त्रिवेणी संगम से लाया गया पवित्र गंगाजल दिया। वहीं बालेंद्र शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर से लाया गया रुद्राक्ष, चंदन और शालिग्राम भेंट किया।राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में बालेंद्र शाह का औपचारिक स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद भारतीय सेना की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जिसका उन्होंने निरीक्षण किया। मार्च 2026 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद शाह की यह पहली आधिकारिक द्विपक्षीय भारत यात्रा है। वे 22 नवंबर को दो दिवसीय राजकीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे थे।औपचारिक स्वागत के बाद नेपाली प्रधानमंत्री ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई। इसमें दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने, व्यापार, ऊर्जा, जलविद्युत, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी, निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास पर चर्चा की गई। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
अयोध्या-जनकपुर के बीच चलेगी नई ट्रेन
बैठक के दौरान दोनों प्रधानमंत्रियों ने दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम को जोड़ेगी। करीब 604 किलोमीटर की यह साप्ताहिक ट्रेन 28 नवंबर से नियमित रूप से संचालित होगी। इसे दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन और आवागमन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
About The Author

