सारंगढ़-बिलाईगढ़ में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और एसपी सुनील शर्मा ने ली कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक; 2,034 मामलों में 3,773 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, मादक पदार्थों के 59 प्रकरणों में 133 आरोपीयों पर कार्यवाही
खबर दस्तक।सारंगढ़
जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा की उपस्थिति में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, ध्वनि प्रदूषण, मादक पदार्थों की तस्करी और संवेदनशील मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रशासन और पुलिस आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम श्री डी.एस. राजपूत, एसडीएम सुश्री शिक्षा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
2,034 मामलों में 3,773 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के आंकड़े भी बैठक में प्रस्तुत किए गए। जानकारी के अनुसार 1 जनवरी से 16 नवंबर 2026 तक कुल 2,034 प्रकरणों में 3,773 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। वहीं 804 मामलों में 1,426 व्यक्तियों को बाउंड ओवर किया गया। जिला बदर के 10 प्रकरणों में पांच व्यक्तियों को एक वर्ष के लिए जिले से निष्कासित किया गया है, जबकि पांच मामले विचाराधीन हैं। अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
धार्मिक आयोजनों और त्योहारों पर रहेगी विशेष निगरानी
आगामी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। 18 दिसंबर को संत गुरु घासीदास जयंती पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय समारोह, रैलियों और कार्यक्रमों के साथ 25 दिसंबर को क्रिसमस पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा हुई। वहीं बिलाईगढ़ क्षेत्र में धौराभाठा जलाशय परियोजना से प्रभावित किसानों के लंबित मुआवजे की मांग को लेकर जारी धरना-प्रदर्शन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर नजर रखने को कहा गया।
सड़क दुर्घटनाओं में 102 लोगों की मौत, ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुधार
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों ने चिंता बढ़ाई। प्रस्तुत जानकारी के अनुसार जनवरी से अक्टूबर 2026 तक जिले में 187 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 102 लोगों की मौत हुई और 195 लोग घायल हुए। दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सड़क सुरक्षा के चार प्रमुख पहलुओं इंजीनियरिंग, प्रवर्तन, जनजागरूकता और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा यानी 4E पर आधारित कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर उनका तकनीकी परीक्षण कराया जाएगा। पुलिस, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और परिवहन विभाग संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य करेंगे। जीआईएस आधारित मानचित्र तैयार करने के साथ सड़क की चौड़ाई, मोड़, दृश्यता, जंक्शन और गति सीमा की समीक्षा की जाएगी। जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर, ट्रैफिक सिग्नल, जेब्रा क्रॉसिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
बिना हेलमेट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाने पर जोर दिया। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्कूल बसों, यात्री वाहनों और भारी वाहनों की फिटनेस जांच के साथ नाबालिग वाहन चालकों तथा बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख चौराहों पर अवैध पार्किंग और सड़क अतिक्रमण हटाने के लिए नगरीय निकाय, राजस्व और पुलिस विभाग संयुक्त अभियान चलाएंगे।
गांवों में बनेंगे यातायात पार्क, बच्चों को मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक का एक महत्वपूर्ण निर्णय चयनित ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में यातायात पार्क सह शिक्षण केंद्र स्थापित करने की कार्ययोजना रहा। इन केंद्रों में मॉडल सड़क, चौराहा, ट्रैफिक सिग्नल और सड़क संकेतकों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को यातायात नियमों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। ऑडियो-वीडियो और डिजिटल शिक्षण सामग्री के जरिए हेलमेट, सीट बेल्ट तथा सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व की जानकारी दी जाएगी। इससे बचपन से ही सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित करने में मदद मिलेगी।
मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 1,142.6 किलो गांजा जब्त
जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई के आंकड़े भी सामने आए। 1 जनवरी से 16 नवंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा तस्करी के 57 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 129 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 1,142.6 किलोग्राम गांजा और 60 वाहन जब्त किए गए।वहीं कोरेक्स कफ सिरप के दो मामलों में चार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 203 नग कफ सिरप और तीन वाहन जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 59 प्रकरणों में 133 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 63 वाहन जब्त किए गए हैं। प्रशासन ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
डीजे और ध्वनि प्रदूषण पर भी प्रशासन सख्त
ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिए डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन में निर्धारित नियमों और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया। पुलिस थाना एवं चौकी प्रभारियों को डीजे संचालकों की बैठक लेकर नियमों की जानकारी देने तथा उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अस्पतालों, स्कूलों और अन्य शांत क्षेत्रों के आसपास तेज आवाज एवं अनावश्यक हॉर्न पर भी नियंत्रण रखने को कहा गया।
पॉक्सो मामलों की होगी नियमित मॉनिटरिंग
बैठक में पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामलों की भी समीक्षा की गई। प्रस्तुत जानकारी के अनुसार विवेचना में एक प्रकरण लंबित है, जिसमें चालान प्रस्तुत किया जाना शेष है। कलेक्टर एवं एसपी ने संवेदनशील मामलों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय-सीमा में विवेचना और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने सभी संबंधित विभागों को नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समन्वित रूप से कार्य करने को कहा। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर निगरानी और यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस अमले को सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
About The Author

