मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद कलेक्टर ने दिए तैयारी के निर्देश, निचले इलाकों और नदी-नालों पर रहेगी विशेष निगरानी
खबर दस्तक सारंगढ़।
चक्रवात के प्रभाव से जिले में 28 और 29 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार चक्रवात के उत्तरी आंध्र प्रदेश तट पर पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से 27 अक्टूबर को सुकमा और दंतेवाड़ा तथा 28 एवं 29 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए कलेक्टर ने राजस्व, पुलिस, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य, विद्युत और जल संसाधन विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।
निचले इलाकों में विशेष निगरानी
कलेक्टर ने जिला और तहसील स्तर पर नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर रखने को कहा है। निचले इलाकों, जलभराव वाले स्थानों और नदी-नालों के आसपास विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने की व्यवस्था रखने को भी कहा गया है।
संभावित बारिश को देखते हुए जलाशयों और बांधों के जलस्तर की नियमित निगरानी करने, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को समय रहते चेतावनी देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही राज्य आपदा मोचन बल, नगर सेना और अन्य बचाव दलों के साथ समन्वय बनाए रखने तथा बिजली आपूर्ति सहित जरूरी सेवाओं की सुरक्षा पर ध्यान देने को कहा गया है।
किसानों से उपज सुरक्षित रखने की अपील
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने नागरिकों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने नदी-नालों, तेज बहाव वाले रास्तों और जलभराव वाले स्थानों को पार करने से बचने की सलाह दी है। आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने और बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा का ध्यान रखने को कहा है।
प्रशासन ने किसानों से भी अपील की है कि वे संभावित बारिश को देखते हुए खेतों और खुले स्थानों में रखी धान सहित अन्य कृषि उपज को सुरक्षित रखने की व्यवस्था करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जनहानि रोकने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
About The Author

