खबर दस्तक सारंगढ़।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण समय पर पूरा कराने के लिए जनपद पंचायत सारंगढ़ ने सख्ती शुरू कर दी है। जनपद पंचायत के सीईओ आर.एस. नायक ने 10 ग्राम पंचायतों के सचिवों की समीक्षा बैठक लेकर अधूरे आवासों को दिसंबर 2026 तक पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में निर्माण शुरू नहीं करने वाले हितग्राहियों के खिलाफ आवास स्वीकृति निरस्त करने और जारी राशि की वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम सालर में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत और निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में सीईओ नायक ने लंबित आवासों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने पर जोर दिया।
तीन पंचायतों में सबसे ज्यादा आवास लंबित
समीक्षा के दौरान गोड़ीहारी, दानसरा और अचानकपाली ग्राम पंचायतों में बड़ी संख्या में आवास अधूरे पाए गए। इनमें गोड़ीहारी में 93, दानसरा में 75 और अचानकपाली में 88 आवास शामिल हैं। इस तरह तीनों पंचायतों में कुल 256 आवासों का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है।
सीईओ ने संबंधित पंचायत सचिवों को निर्देश दिए कि हितग्राहियों से संपर्क कर आगामी 8 से 10 दिनों के भीतर आवास निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही सभी लंबित आवासों को दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण कराने के लिए कहा गया है।
निर्माण शुरू नहीं किया तो होगी कार्रवाई
सीईओ आर.एस. नायक ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकानों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना जरूरी है। इसके लिए पंचायत सचिव हितग्राहियों से लगातार संपर्क बनाए रखें और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देशों के बावजूद निर्माण शुरू नहीं करने वाले हितग्राहियों के विरुद्ध नियमानुसार आवास स्वीकृति निरस्त करने और जारी राशि की वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
जिला स्तर पर भी हो रही निगरानी
जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर कर पात्र हितग्राहियों को समय पर पक्के आवास उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा ग्रामीण परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में लंबित आवासों को समय-सीमा में पूरा कराने के लिए जनपद और ग्राम पंचायत स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है।
About The Author

