खबर दस्तक सारंगढ़।
आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए मंगलवार को कलेक्टोरेट में कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया गया। इसमें जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के सामने रखीं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर सूर्यकांत कौशिक तथा अपर कलेक्टर एवं सारंगढ़ एसडीएम दशरथ सिंह राजपूत ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।
योजनाओं का लाभ दिलाने सौंपे आवेदन
जनदर्शन में राशन कार्ड नवीनीकरण, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए भूमि आवंटन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और बकरी पालन योजना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। भूमिहीन कृषि मजदूरों ने भी संबंधित शासकीय योजना का लाभ दिलाने की मांग की। वहीं, बरभाठा (ब) में प्रस्तावित तालाब निर्माण कार्य पर रोक लगाने के संबंध में भी ग्रामीणों ने आवेदन प्रस्तुत किया।
पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता बरतें और किसी भी प्रकरण में अनावश्यक देरी न हो।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर शंकर लाल सिन्हा, राणा विजय सिंह, वर्षा बंसल, बिलाईगढ़ एसडीएम शिक्षा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
About The Author

