बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के बाद अब मवेशियों से परेशान किसान, खैरझिटी, सालर, रेंगालमुड़ा और बटाऊपाली के खेतों में पहुंच रहे झुंड
खबर दस्तक। सारंगढ़
धान की फसल पककर कटाई के करीब पहुंच चुकी है, लेकिन किसानों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से फसल को हुए नुकसान के बाद अब आवारा मवेशी किसानों के लिए नई मुसीबत बन गए हैं। मवेशियों के झुंड रात के समय खेतों में घुसकर धान की खड़ी फसल को चरने के साथ ही रौंदकर नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फिरने का खतरा मंडराने लगा है।खैरझिटी,सालर,रेंगालमुड़ा और बटाऊपाली सहित आसपास के गांवों में आवारा मवेशियों का आतंक देखने को मिल रहा है। किसान दिनभर खेतों की रखवाली कर मवेशियों को खदेड़ने में जुटे रहते हैं, लेकिन रात होते ही झुंड के झुंड खेतों में पहुंच जाते हैं। रात में खेतों की निगरानी करना किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
किसानों का कहना है कि धान की कटाई शुरू होने में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे समय में फसल की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता बन गई है। खेती में पूरे साल की मेहनत, समय और पूंजी लगाने के बाद जब फसल तैयार होने की स्थिति में पहुंची है, तब आवारा मवेशियों के कारण नुकसान उठाना पड़ रहा है। मवेशी धान की बालियों को खा रहे हैं और खेतों में दौड़कर तैयार फसल को रौंद रहे हैं।
मौसम की मार के बाद अब मवेशियों की आफत
किसान खिलेश्वर पटेल, धनेश्वर पटेल और बालकुमार पटेल ने बताया कि इस साल मौसम की मार से पहले ही धान की फसल प्रभावित हुई है। बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। अब कटाई के ठीक पहले आवारा मवेशियों ने परेशानी और बढ़ा दी है। दिन में किसी तरह खेतों की रखवाली कर मवेशियों को भगाते हैं, लेकिन रात में फसल की सुरक्षा करना मुश्किल हो जाता है।
किसानों ने आवारा मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि कटाई के अंतिम समय में तैयार धान की फसल को नुकसान से बचाया जा सके।
About The Author

