खबर दस्तक।सारंगढ़
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के सारंगढ़ क्षेत्र के ग्राम बैगिनडीह में श्रीमद्भागवत कथा आयोजन 30 सितंबर से आयोजित किया गया है।जिसके कथा व्यास अशोक पंडा हैं।

जिन्होंने कथा के पांचवें दिन सोमवार को नंदोत्सव,श्रीकृष्ण बाल लीला के आयोजन में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण करने की कथा का सुंदर एवं भावपूर्ण वर्णन किया गया।कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और गोवर्धन पर्वत धारण की लीला का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।श्रीकृष्ण ने अपनी अद्भुत लीलाओं से गोकुलवासियों के मन में विशेष स्थान बना लिया था। माता यशोदा के साथ उनकी नटखट लीलाएं, माखन चोरी, ग्वाल-बालों के साथ खेलना तथा गोपियों के साथ उनकी बाल शरारतों के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को खूब आनंदित किया।जब गोकुलवासी भगवान इंद्र की पूजा की तैयारी कर रहे थे,तब श्रीकृष्ण ने उन्हें प्रकृति एवं गोवर्धन पर्वत की पूजा करने के लिए प्रेरित किया।इससे इंद्र देव क्रोधित हो गए और ब्रज में मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी। लगातार बारिश से ब्रजवासियों को बचाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर विशाल गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सभी ब्रजवासियों को उसके नीचे आश्रय प्रदान किया।कथा में बताया गया कि श्रीकृष्ण ने सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत धारण कर गोकुलवासियों की रक्षा की। और इंद्र का अहंकार टूटा और वो भगवान श्री कृष्ण से क्षमा मांगने आए।इस अवसर पर मोहन पटेल,सीताराम पटेल,निराकार पटेल,विकास पटेल,गणेश बरिहा एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।
About The Author

