कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, तौल मशीनों का सत्यापन और सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने कहा; किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
खबर दस्तक सारंगढ़।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि धान खरीदी की व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 15 नवंबर से खरीदी शुरू होने से पहले जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं। धान खरीदी 31 जनवरी 2027 तक चलेगी।
इसी सिलसिले में 30 अक्टूबर को कलेक्टर की अध्यक्षता में जिले के 95 धान उपार्जन केंद्रों के नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें मास्टर ट्रेनरों ने अधिकारियों को धान खरीदी की प्रक्रिया, शासन के दिशा-निर्देशों और केंद्रों में की जाने वाली आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
तीन विकासखंडों में बनाए गए हैं 95 खरीदी केंद्र
जिले में इस वर्ष कुल 95 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी। इनमें सारंगढ़ विकासखंड में 30, बरमकेला में 27 और बिलाईगढ़ में 38 केंद्र शामिल हैं। कलेक्टर ने केंद्रवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी शुरू होने से पहले सभी कमियों को दूर कर लिया जाए।
तौल मशीन और नमी मापक यंत्रों पर विशेष नजर
कलेक्टर ने सभी खरीदी केंद्रों में तौल मशीनों का समय पर सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही धान में नमी की जांच के लिए आर्द्रतामापक यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति सुनिश्चित करने को कहा। जिन केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे बंद हैं या आर्द्रतामापक यंत्र उपलब्ध नहीं हैं, वहां तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी से होगी निगरानी, तीन स्तरों पर मॉनिटरिंग
धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी उपार्जन केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा। खरीदी प्रक्रिया पर राज्य, जिला और विकासखंड स्तर से लगातार नजर रखी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित और किसानों के लिए सुविधाजनक बनाना है।
‘तुहर टोकन’ एप से घर बैठे ले सकेंगे टोकन
किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष ‘तुहर टोकन’ मोबाइल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा किसान संबंधित समिति में पहुंचकर भी टोकन कटवा सकेंगे। भूमि के रकबे के आधार पर टोकन की व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसके तहत दो एकड़ तक भूमि वाले किसानों को एक, दो से दस एकड़ तक भूमि वाले किसानों को दो तथा दस एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को तीन टोकन दिए जाने की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि धान खरीदी शुरू होने से पहले केंद्रों में पेयजल, बिजली, तौल, नमी जांच और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को उपार्जन केंद्रों में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
About The Author

