खबर दस्तक सारंगढ़।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर विभाग की पैनी नजर, मिलावट मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
दीपावली सहित आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में मिठाइयों की गुणवत्ता और खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर विभागीय टीम ने सारंगढ़ और बिलाईगढ़ विकासखंड के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण कर मिठाइयों एवं दुग्ध उत्पादों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।
निरीक्षण के दौरान अंजीर कलाकंद, खोवा (मावा), कलाकंद, बेसन लड्डू, बालूशाही, मोतीचूर लड्डू और पेड़ा सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इन नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में मिलावट, गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन या खाद्य पदार्थ असुरक्षित पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
साफ-सफाई और गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को मिठाइयों के सुरक्षित रखरखाव, साफ-सफाई, उचित भंडारण और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों में वैध खाद्य अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) अथवा पंजीयन रखना अनिवार्य बताते हुए खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी नहीं करने की हिदायत दी गई।
विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलेभर में जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी भारत भूषण पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी वरुण पटेल एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमन अग्रवाल शामिल रहे।
विभाग के अनुसार त्योहारी अवधि में सारंगढ़, बिलाईगढ़ सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लेने का अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर ध्यान दें तथा कहीं मिलावट या अनियमितता नजर आने पर इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।
About The Author

