रायपुर।
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के छिपाए हथियार और विस्फोटक सामग्री का बड़ा डंप बरामद किया है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर बुधवार को थाना चिंतलनार क्षेत्र के गुण्डराजगुड़ेम एवं रासापल्ली के जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया।अभियान के दौरान रासापल्ली के जंगलों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखा गया डंप मिला। तलाशी में 2 सिंगल शॉट राइफल और 6 भरमार बंदूक सहित कुल 8 देशी हथियार बरामद किए गए। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में कारतूस, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री भी मिली है।बरामद सामग्री में एक टिफिन आईईडी, 3 हैंड ग्रेनेड, 4 देशी तीर बम, डेटोनेटर, बीजीएल सेल, गन पाउडर, वायर और वायरलेस सेट शामिल हैं। इसके अलावा मैगजीन, बैटरियां, नक्सली वर्दियां, पिट्ठू बैग, दवाइयां और नक्सली साहित्य भी सुरक्षा बलों को मिला है।सुरक्षा बलों ने बरामद हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
About The Author

